शाओमी 17 Series के भारत और ग्लोबल लॉन्च को लेकर नई रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि कंपनी अगले कुछ हफ्तों में इस नई फ्लैगशिप सीरीज को भारत समेत दूसरे बाजारों में पेश कर सकती है. शाओमी ने इस सीरीज को पिछले साल सितंबर में चीन में लॉन्च किया था, लेकिन भारत में इसकी एंट्री का इंतजार काफी लंबा रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में शाओमी 17 और शाओमी 17 Ultra मॉडल लॉन्च हो सकते हैं. वहीं 17 Pro और 17 Pro Max मॉडल अन्य देशों में नहीं लाए जा सकते. अब एक नई लीक में इन फोनों की संभावित कीमत का खुलासा हुआ है.
टिप्स्टर अभिषेक यादव के मुताबिक, शाओमी 17 की कीमत भारत में करीब ₹80,000 हो सकती है. वहीं शाओमी 17 Ultra की कीमत ₹1,25,000 तक जा सकती है. अगर यह सही साबित होता है, तो शाओमी प्रीमियम सेगमेंट में सीधे Apple और Samsung जैसे ब्रांड्स को टक्कर देगा.
मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमत और प्रीमियम पोजिशनिंग की रणनीति को देखते हुए कीमत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.
कैसे होंगे फीचर्स?
फीचर्स की बात करें तो शाओमी 17 में 6.3 इंच का OLED डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ मिल सकता है. फोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट, 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज का ऑप्शन दिया जा सकता है. ये डिवाइस एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड HyperOS 3 पर चल सकता है.
दमदार होने वाली है बैटरी
कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सिस्टम मिलेगा, जिसमें Leica ट्यूनिंग दी जा सकती है. बैटरी की बात करें तो 7,000mAh की बड़ी बैटरी 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट के साथ आ सकती है.
हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल के स्पेसिफिकेशन में थोड़ा बदलाव संभव है. आने वाले दिनों में कंपनी आधिकारिक घोषणा कर सकती है.

