Last Updated:
Cobra Nagin Dance: ओडिशा के भद्रक में बारात के दौरान नागिन डांस करते समय सच में कोबरा सांप आ गए. वन विभाग ने तीन कोबरा सांपों को बचाया और सपेरे की पहचान की कोशिश कर रहा है.
वन विभाग की टीम ने कोबरा सांप को बचा लिया है. (फाइल फोटो)
भद्रक (ओडिशा); बारात में नागिन डांस आपने कई बार देखा होगा. अक्सर बैंड बाजों की धुन पर बाराती नागिन डांस करते हैं. लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां नागिन डांस के दौरान सच में कोबरा सांप आ गए. नागिन डांस पर जहां बाराती एक तरफ मस्ती में डांस कर रहे थे, तो वहीं कई कोबरा सांप भी नागिन गाने की धुन पर थिरकने लगे. जैसे ही यह खबर सामने आई, वन विभाग हरकत में आ गई.
ओडिशा के वन विभाग ने बारात के दौरान नाच पेश करते समय कई कोबरा सांप का इस्तेमाल किये जाने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन कोबरा सांपों को बचा लिया. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
यह घटना बुधवार देर रात धामरा पुलिस थाने के अंतर्गत छेदक गांव में हुई. एक सपेरे और दो कलाकारों (एक पुरुष और एक महिला) ने बारातियों का मनोरंजन करते हुए धामरा चांदबली मार्ग पर लोकप्रिय ‘नागिन’ गीत पर डांस किया.
कलाकारों ने ढोल की थाप और अन्य संगीत वाद्ययंत्रों की धुन पर डांस किया और इस दौरान सांपों को अपने हाथ में उठा लिया. गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए भद्रक वन्यजीव विभाग की एक टीम ने बारात को रोककर सांपों को बचाया.
प्रभागीय वन अधिकारी (वन्यजीव) सौभाग्य कुमार साहू ने कहा, “हमने सांपों को जब्त कर लिया है और इसमें शामिल सपेरे की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं. विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को जांच में सहायता करने के लिए कहा गया है.”

