Saturday, May 30, 2026
HomeदेशRaja Raghuvanshi Murder Case: सोनम कैसे पति के लिए इतनी दुश्मनी पाल...

Raja Raghuvanshi Murder Case: सोनम कैसे पति के लिए इतनी दुश्मनी पाल बैठी, खास जगह पर रखे गए थे गहने, मेघालय पुलिस कर रही जांच

-


शिलांग. मेघालय के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) इदाशीशा नोंगरांग ने सोमवार को कहा कि सोहरा में इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या की जांच कर रहे जांच अधिकारी प्रेम त्रिकोण को एकमात्र मकसद नहीं मान रहे हैं और वे विभिन्न अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं. मेघालय में हनीमून मनाने आए राजा की 23 मई को हत्या कर दी गई थी. हत्या के सिलसिले में नौ जून को राजा की पत्नी सोनम, उसके प्रेमी राज और तीन हत्यारों को गिरफ्तार किया गया.

नोंगरांग ने ‘पीटीआई’ से कहा, “हम जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में कुछ और भी पहलू हो सकते हैं. यह असामान्य बात है कि शादी के कुछ दिनों के भीतर ही वह (सोनम) अपने पति के प्रति इतनी दुश्मनी पाल बैठी.” उन्होंने कहा, “हम इस हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं. हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. हमारे पास एक ठोस मामला है.”

सोनम (25) और राजा (29) की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 21 मई को हनीमून के लिए असम के गुवाहाटी से होते हुए मेघालय पहुंचे थे. वे दोनों 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में नोंगरियाट गांव में एक होमस्टे से निकलने के कुछ घंटों बाद ही ‘लापता’ हो गए थे.

राजा का क्षत-विक्षत शव दो जून को वेइसाडोंग जलप्रपात के निकट एक घाटी में पाया गया. सोनम की तलाश जारी रही, जो नौ जून की सुबह लगभग 1,200 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सामने आई और पुलिस द्वारा उसके प्रेमी तथा तीन हत्यारों को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया.

डीजीपी ने बताया कि सोनम ने जांच अधिकारियों को बताया कि राजा के जो आभूषण गायब हुए थे, उन्हें एक “खास जगह” पर रखा गया था. उन्होंने कहा, “हम इसकी जांच करेंगे.” पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को मंगलवार दोपहर 12 बजे के आसपास सोहरा ले जाया जाएगा जहां अपराध की कड़ियां जानने का प्रयास किया जाएगा.

पुलिस के अनुसार, राज के दोस्तों ने वेइसाडोंग जलप्रपात के पार्किंग स्थल पर सोनम के सामने राजा के सिर पर चाकू से हमला किया था. इसके बाद उन्होंने शव को खाई में फेंक दिया. नोंगरांग ने पूर्व में ‘पीटीआई’ को बताया था कि हत्या के बाद सोनम मेघालय से भाग गई और टैक्सी, बस और ट्रेन के जरिये असम, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश होते हुए इंदौर पहुंची. हालांकि, उसने सोहरा में एक होमस्टे में अपने ट्रॉली बैग में अपना मंगलसूत्र और एक अंगूठी छोड़ दी, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ.

इस बीच, इंस्टाग्राम पर एक पर्यटक द्वारा पोस्ट किया गया एक वीडियो सामने आया, जिसमें सोनम और राजा को देखा गया. वीडियो में, सोनम और राजा को नोंगरियाट में चढ़ाई करते देखा गया. यह राजा की हत्या से कुछ घंटे पहले का है. सोनम ने अपराध स्थल से बरामद की गई सफेद फुल-स्लीव शर्ट के साथ काले रंग की पतलून पहनी हुई थी, और राजा से कुछ कदम आगे चलती हुई दिखाई दी. पुलिस ने ‘पीटीआई’ से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि की.

पूर्वी खासी पर्वतीय जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विवेक सिम ने बताया कि सोनम ने अपने पति की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात कबूल की है. उन्होंने कहा, “पहले तो ऐसा लगा कि सोनम और उसके प्रेमी ने हत्यारों को सुपारी दी थी, लेकिन बाद में पता चला कि वे तीनों राज के करीबी दोस्त थे और उन्होंने अपने दोस्त की खातिर राजा की हत्या की.”

एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने असम और कुछ अन्य राज्यों की पुलिस से सहायता मांगी है, जहां आरोपी व्यक्ति अपराध करने से पहले और बाद में रहे हैं. उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार गुवाहाटी से खरीदा गया था, जहां हत्यारों ने एक रात बिताई थी. उप महानिरीक्षक डीएनआर मारक ने बताया कि तीनों हत्यारे और दंपति लगभग एक ही समय पर शिलांग पहुंचे और फिर लगभग 65 किलोमीटर दूर सोहरा चले गए.



Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts