Last Updated:
साउथ सिनेमा के थलाइवा यानी रजनीकांत के लिए उनके फैंस की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है. नए साल 2026 के खास मौके पर रजनीकांत ने अपनी बरसों पुरानी परंपरा को निभाते हुए चेन्नई स्थित अपने आवास के बाहर जमा हुए हजारों फैंस का अभिवादन किया. जैसे ही थलाइवा अपने घर की बालकनी पर आए तो फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया. रजनीकांत ने हाथ जोड़कर सभी का आभार जताया और उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं. इतना ही नहीं, रजनीकांत ने एक खास वीडियो शेयर करते हुए अपने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है.
न्यू ईयर पर रजनीकांत ने अपने फैंस से की मुलाकात. नई दिल्ली. सुपरस्टार रजनीकांत का जादू दशकों से बरकरार है और उनके चाहने वाले न केवल उनकी एक्टिंग, बल्कि उनकी सादगी के भी कायल हैं. हर साल नए साल के मौके पर अपने प्रशंसकों से मिलना रजनीकांत की एक पुरानी परंपरा रही है, जहां वह उनसे रूबरू होते और उनमें एक नया जोश और उम्मीद जगाते हैं.
इस साल भी रजनीकांत ने गुरुवार को अपने घर के बाहर जुटे फैंस का अभिवादन कर उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं. साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो पोस्ट करते हुए अपने प्रशंसकों को नए साल की बधाई दी.
रजनीकांत के घर के बाहर जुटे फैंस
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि रजनीकांत ने घर के बाहर जमा हुए फैंस को नए साल की शुभकामनाएं दी. वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी सुपरहिट फिल्म ‘मुथु’ का एक वीडियो क्लिप शेयर किया. इस क्लिप में रजनीकांत एक रथ में बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके बगल में एक्ट्रेस मीना भी हैं. यह वीडियो फैंस के लिए एक खास तोहफे जैसा है, जो पुराने समय की याद दिलाता है.

